'आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान' शिविर में सम्मिलित हुए मंत्री

'आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान' शिविर में सम्मिलित हुए मंत्री
Published on

सिलीगुड़ी/जलपाईगुड़ी : राज्य के कृषि विपणन राज्यमंंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेचाराम मन्ना शनिवार को राजगंज प्रखंड के बेलाकोबा क्षेत्र के सरियाम कालीबाड़ी प्राथमिक विद्यालय मैदान में आयोजित 'आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान' (हमारा मोहल्ला, हमारा समाधान) शिविर में सम्मिलित हुए। उन्होंने आम लोगों संग बैठक कर उनके इलाके के विभिन्न विकास कार्यों की आवश्यक्ताओं पर चर्चा की। इसके साथ ही उन्हें आश्वासन दिया कि उन लोगों की चाहत के अनुरूप ही उन लोगों के इलाके का विकास होगा।

इस अवसर पर मंत्री मंत्री बेचाराम मन्ना ने यह भी कहा कि 'आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान' शिविर देश भर में तो अतुलनीय है ही, दुनिया भर में भी अतुलनीय है। यह हमारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ही ममता है कि एक-एक बूथ क्षेत्र के विकास के लिए उन्होंने 10-10 लाख रुपये मंजूर किए हैं। वह भी यह कि बूथ क्षेत्र के लोगों के सलाह-मश्विरे के तहत ही उनके बूथ क्षेत्र का विकास होगा। ऐसी नजीर कभी कहीं नहीं देखी गई है। पहले इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी लेकिन अब हमारी मुख्यमंत्री की वजह से यह वास्तविकता के धरातल पर है। यह सपना साकार होने जैसा है। यह असाधारण है। इससे हर क्षेत्र का आमूलचूल विकास होगा। इस दौरान राजगंज के विधायक खगेश्वर रॉय, जलपाईगुड़ी जिला परिषद अध्यक्ष कृष्ण रॉय बर्मन, सदर ब्लॉक के बीडीओ मिहिर कर्मकार व अन्य अधिकारी उनके साथ-साथ रहे।

उल्लेखनीय है कि, आम लोगों की समस्याओं को उनके पास जा कर ही उनका समाधान करने की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नई पहल के तहत राज्य भर की भांति बीते 2 अगस्त से राज्य भर की भांति यहां भी विभिन्न जगहों पर जारी है। इन शिविरों में जहां आम लोग प्रशासिनक अधिकारियों संग चर्चा कर अपने बूथ क्षेत्र के आवश्यक विकास कार्य चिन्हित करेंगे वहीं वे दुआरे सरकार शिविरों की ही भांति इस शिविर में भी विभिन्न योजनाओं के लाभ के लिए आवेदन कर सकेंगे एवं विभिन्न प्रकार की समस्याओं का समाधान पा सकेंगे। ये शिविर चरणबद्ध रूप में 2 नवंबर तक चलेंगे।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in