नागराकाटा: नागराकाटा ब्लॉक में शुक्रवार से 100 दिनों के रोजगार योजना के तहत कार्य की शुरुआत की गई। लगभग 8 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद काम शुरू होने से श्रमिकों में उत्साह देखा गया। सुलकापाड़ा ग्राम पंचायत के सुखानी बस्ती, लुकसान ग्राम पंचायत के केरन चाय बागान और आग्राभाषा-दो नंबर ग्राम पंचायत के उत्तर धन्दासिमला क्षेत्र में कार्य प्रारंभ किया गया। पूजा-अर्चना के बाद विधायक पूना भेंगरा, बीडीओ जय प्रकाश मंडल सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्य का उद्घाटन किया। विधायक पूना भेंगरा ने कहा कि योजना में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल वास्तविक श्रमिकों को ही काम और मजदूरी का लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन ने बताया कि जॉब कार्ड का ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया है और कार्य की निगरानी एनएमएमएस ऐप के माध्यम से की जा रही है। वर्तमान में मजदूरी 260 रुपये प्रतिदिन निर्धारित है, जिसे भविष्य में बढ़ाया जा सकता है। इस योजना का नाम अब बदलकर “विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)” रखा गया है। स्थानीय श्रमिकों ने खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय बाद काम मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति में राहत मिलेगी।