

सिलीगुड़ी : शहर के 8 नंबर वार्ड में मेयर गौतम देव का दो दिवसीय जनसंपर्क अभियान 'मानुषेर काछे चलो' (लोगों के पास चलो) रविवार काे संपन्न हो गया। इस दूसरे व अंतिम दिन भी मेयर ने सुबह स्थानीय मंदिर में पूजा की। स्थानीय व शहर के जाने-माने उद्यमी नवरतन पारख के घर सुबह का नाश्ता किया। उसके बाद पदयात्रा शुरू की। वह दुकान-दुकान, घर-घर गए, लोगों से बातचीत की, उनका हालचाल लिया। नया बाजार, खाल पाड़ा, एम आर रोड, महावीर स्थान आदि इलाकों का परिभ्रमण किया। ज्यादातर लोगों ने संकरी सड़क, जाम, पेयजल आपूर्ति व सफाई की समस्या के समाधान की आवश्यकता बताई। मेयर ने सभी समस्याओं के हरसंभव समाधान का आश्वासन दिया।
इस अभियान के दौरान उन्होंने जगह-जगह बच्चों को दुलारा-पुचकारा, उन्हें टॉफियां दी। उन्होंने गत शनिवार को यह अभियान शुरू किया था।अब वह अगले शनिवार व रविवार को अन्य किसी वार्ड में यह अभियान चलाएंगे। उपरोक्त अभियान में सिलीगुड़ी नगर निगम के चेयरमैन प्रतुल चक्रवर्ती, डिप्टी मेयर रंजन सरकार, मेयर परिषद सदस्य मानिक दे, बोरो चेयरमैन जयंत साहा, आलम खान, वार्ड पार्षद संजय शर्मा व अन्य कई उनके साथ रहे।