सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी से सटे भालोबासा मोड़ इलाके में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के गोदाम में मंगलवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की दो गाड़ियों को लगाया गया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण इसे पूरी तरह बुझाने में करीब एक से डेढ़ घंटे का समय लगा।
लंबे समय तक आग जलते रहने के कारण मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग बुझाने में कथित देरी को लेकर कुछ स्थानीय लोगों ने दमकल कर्मियों की भूमिका पर नाराजगी भी जताई।
वहीं गोदाम में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग में कितनी सामग्री नष्ट हुई और कुल कितना नुकसान हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग ने आग लगने के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।