

मंगन: आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए मंगन जिला पुलिस ने जिले के उत्तरी क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियों का जायजा लिया। मंगन के पुलिस अधीक्षक श्री रिनजिंग चोपेल राय ने चुंगथांग के एसडीपीओ चंदन छेत्री के साथ लाचुंग पुलिस थाना/चेक पोस्ट, युमेसामडोंग पुलिस पोस्ट और जीरो पॉइंट का क्षेत्रीय दौरा किया।
दौरे के दौरान पर्यटकों के लिए आवश्यक आरएपी/पीएपी की सख्त जांच, निर्धारित पर्यटक वाहन समय का पालन, विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय तथा स्पष्ट आपातकालीन संचार व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस टीम ने लाचुंग में 115 जीआरईएफ के अधिकारी श्री अतुल भारद्वाज के साथ समन्वय बैठक भी की। बैठक में यात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा, विशेषकर संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। इसके अलावा सुरक्षा संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाने तथा जीरो पॉइंट, लाचुंग में पार्किंग क्षेत्र का विस्तार करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि पर्यटन सीजन के दौरान यातायात दबाव और जाम की स्थिति को कम किया जा सके।
इससे पहले मंगन के पुलिस अधीक्षक ने चुंगथांग स्थित 11वीं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के कमांडिंग ऑफिसर देबनाथ राय से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों के बीच आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय को और मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई।
जिला पुलिस के अनुसार, यह क्षेत्रीय दौरा ट्रैफिक एंड मोबिलिटी रेजिलिएंस स्ट्रैटेजी के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य मंगन जिले में जमीनी स्तर की चुनौतियों का आकलन करना तथा आगामी पर्यटन सीजन के लिए यातायात प्रबंधन और सुरक्षा उपायों को अंतिम रूप देना है।
मंगन जिला पुलिस ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करने और प्रभावी आपातकालीन तैयारियों को बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।