मंगन को ‘सबसे स्वच्छ शहर’ का पुरस्कार, राज्यपाल ने दी बधाई

राज्यपाल दुष्यन्त गौतम ने नगर पंचायत की टीम के कार्यों की सराहना की व बधाई दी
मंगन को ‘सबसे स्वच्छ शहर’ का पुरस्कार, राज्यपाल ने दी बधाई
Published on: 

गंगटोक : सिक्किम के राज्यपाल दुष्यन्त गौतम ने मंगन नगर पंचायत को स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत ‘सबसे स्वच्छ शहर’ का पुरस्कार मिलने पर बधाई दी। मंगलवार को लोकभवन के आशीर्वाद हॉल में शहरी विकास विभाग द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में राज्यपाल ने मंगन नगर पंचायत की अध्यक्ष छिरिंग डोमा भूटिया और सभी पार्षदों के साथ संवाद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किए जाने पर उन्हें सिक्किम के राज्यपाल के रूप में अत्यंत गर्व और प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और अनुशासन के मामले में सिक्किम देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के सामने एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान की सराहना करते हुए कहा कि सिक्किम ने इस अभियान को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया है। उन्होंने राज्य के नागरिकों के अनुशासन, पर्यावरण के प्रति सम्मान और प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखने के प्रयासों की भी प्रशंसा की। साथ ही सिक्किम के पूर्ण जैविक राज्य बनने को देश के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

शहरी विकास मंत्री भोज राज राई ने राज्य में स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित गतिविधियों और स्वच्छता के क्षेत्र में अपनाई गई नीतियों एवं नवाचारों की जानकारी दी। वहीं, वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा जंगू विधायक पिंन्सो नामग्याल लेप्चा ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंगन नगर पंचायत की टीम को बधाई दी।

इस अवसर पर मंगन नगर पंचायत की अध्यक्ष छिरिंग डोमा भूटिया ने अपशिष्ट प्रबंधन, जनभागीदारी और नगर पंचायत द्वारा अपनाई गई सर्वोत्तम प्रथाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने नगर क्षेत्र के आगामी विकास कार्यों को गति देने के लिए राज्यपाल के समक्ष कुछ आवश्यक मांगें भी रखीं।

राज्यपाल ने सिक्किम को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का उदाहरण बताते हुए राज्य की सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की सराहना की। उन्होंने ‘आई लव सिक्किम’ का संदेश देते हुए कहा कि यही आत्मीय भावना राज्य के समग्र विकास को मजबूत बनाएगी।कार्यक्रम में राज्यपाल के आयुक्त-सचिव जितेन्द्र सिंह राजे, शहरी विकास विभाग के अधिकारी, मंगन नगर पंचायत के प्रतिनिधि, स्वच्छता मित्र तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News