

सिलीगुड़ी : नौकाघाट क्षेत्र में महानंदा नदी से अवैध रूप से बालू और पत्थर निकाले जाने की शिकायतों के बाद सोमवार दिन में एनजेपी पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। पुलिस के पहुंचते ही अवैध खनन में शामिल लोग अपनी मशीनें और उपकरण छोड़कर मौके से फरार हो गए। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नदी किनारे से फावड़े, तसले, रस्सियां, ट्रे, बालू–पत्थर ढोने वाले उपकरण और अन्य सामान बरामद किया। इन उपकरणों का इस्तेमाल प्रतिदिन बड़े पैमाने पर अवैध खनन में किया जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के साथ-साथ दिन में भी खनन माफिया सक्रिय हो गए थे, जिससे नदी के किनारे लगातार कटाव बढ़ रहा था और पर्यावरण को नुकसान हो रहा था।
कई शिकायतों के बाद आखिरकार पुलिस ने यह अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार तस्करों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है और मांग की है कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएं ताकि महानंदा नदी को अवैध खनन से बचाया जा सके।