

सिलीगुड़ी : दुर्गापूजा के रंग में रंग चुकी सिलीगुड़ी में महासप्तमी के दिन उत्सव का उत्साह चरम पर नजर आया। शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ने लगी। दिन चढ़ने के साथ ही पंडालों में लोगों की आवाजाही बढ़ती गई। शाम होते-होते शहर की सड़कों पर पूजा घूमने वालों की चहल-पहल और बढ़ गई। मां दुर्गा के दर्शन, आकर्षक पंडालों की सजावट और रोशनी से जगमगाते रास्तों के बीच पूरा शहर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। महासप्तमी के मौके पर सिलीगुड़ी के छोटे-बड़े पूजा पंडालों में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। परिवार के साथ पूजा घूमने निकले लोगों से लेकर दोस्तों के समूह तक, हर कोई इस खास दिन को यादगार बनाने में जुटा रहा। कई लोग एक पंडाल से दूसरे पंडाल तक पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने के साथ ही आकर्षक सजावट और थीम आधारित पूजा मंडपों का आनंद लेते दिखे। वहीं, पंडालों के आसपास भीड़ बढ़ने के साथ बाजारों और प्रमुख सड़कों पर भी उत्सव की रौनक नजर आई।
दुर्गापूजा का आनंद स्वादिष्ट व्यंजनों के बिना अधूरा माना जाता है। महासप्तमी पर इसका नजारा शहर की विभिन्न खाने-पीने की दुकानों और फूड स्टॉल पर भी देखने को मिला। पूजा घूमने निकले लोगों ने दर्शन के साथ-साथ तरह-तरह के व्यंजनों का लुत्फ उठाया। कहीं रोल और चाउमिन की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ नजर आई, तो कहीं फास्ट फूड और अन्य पसंदीदा पकवानों का स्वाद लेने के लिए लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। पंडालों के आसपास लगे अस्थायी फूड स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। बच्चों से लेकर युवाओं और परिवारों तक, सभी पूजा की मस्ती के बीच खाने-पीने का आनंद लेते नजर आए।इससे दुकानदारों और छोटे कारोबारियों के बीच भी अच्छी बिक्री की उम्मीद जगी।
यूं तो तृतीया के दिन से पूजा उद्घाटन के बाद दुर्गापूजा का उत्सव जीवंत हो उठा है। लेकिन महासप्तमी के दिन शहर में उमड़ी भीड़ ने पूजा के प्रति लोगों की आस्था और उत्साह को एक बार फिर जाहिर किया। कालीबाड़ी में शाम को प्रसाद के रूप में खिचड़ी ग्रहण करते देखे गए। इसके अलावा सरकारी आवासनों के दुर्गा पूजा पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पंडालों की चकाचौंध, लोगों की चहल-पहल और फूड स्टॉल की रौनक ने सिलीगुड़ी के उत्सवी माहौल को खास बना दिया। महाअष्टमी और महानवमी के दौरान भी शहर के पूजा पंडालों में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।