लुम्से का जन सेवा भवन 15 सितंबर से होगा संचालित

मुख्यमंत्री ने भवन को विकेंद्रीकृत एवं जन-केंद्रित शासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया
लुम्से का जन सेवा भवन 15 सितंबर से होगा संचालित
Published on

गंगटोक: गंगटोक के लुम्से स्थित नवनिर्मित जन सेवा भवन (मिनी सचिवालय) 15 सितंबर से कार्य करना शुरू करेगा। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने सोमवार को गणेश चतुर्थी एवं तीज के अवसर पर भवन में वास्तु पूजा के बाद इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन सेवा भवन के माध्यम से सरकारी सेवाओं को सरल, तेज और अधिक सुलभ बनाने के साथ शासन को आम लोगों के करीब लाने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में सिक्किम दौरे के दौरान इस भवन का वर्चुअल उद्घाटन किया था। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा, जल संसाधन विभाग और सिक्किम लोक सेवा आयोग सहित कई महत्वपूर्ण विभाग अब इसी भवन से कार्य करेंगे। इससे विशेषकर दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को सुविधा होगी और सरकारी कार्यों के लिए बार-बार गंगटोक आने की जरूरत कम होगी। मुख्यमंत्री ने जन सेवा भवन को विकेंद्रीकृत और जन-केंद्रित शासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने नए भवन में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से दक्षता, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in