लोक भवन में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस

सरदार वल्लभ भाई पटेल को दी गई श्रद्धांजलि
लोक भवन में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
Published on: 

गंगटोक : सिक्किम लोक भवन में आज भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सरदार पटेल के योगदान और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति उनके समर्पण को याद किया गया।

कार्यक्रम के दौरान लोक भवन के आयुक्त-सह-सचिव जितेंद्र सिंह राजे सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके दूरदर्शी नेतृत्व, त्याग और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया गया।

आयुक्त-सह-सचिव जितेंद्र सिंह राजे ने कहा कि सरदार पटेल का योगदान, बलिदान और देश की सेवा के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणा का महान स्रोत है।

उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल स्वतंत्र भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री थे। उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई और एक एकीकृत एवं सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली तथा देश की एकता, अखंडता, सद्भाव और सुरक्षा बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News