जलपाईगुड़ी: डुआर्स के गयेरकाटा चाय बागान के 10 नंबर सेक्शन में वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक वयस्क तेंदुआ फंस गया। बुधवार तड़के पंप हाउस के पास लगाए गए फंदे में तेंदुआ कैद हुआ। पिछले कुछ दिनों से चाय बागान क्षेत्र में तेंदुए की आवाजाही से श्रमिकों और उनके परिवारों में दहशत का माहौल था। स्थानीय लोगों ने बकरी और मवेशियों के गायब होने की शिकायत भी की थी। लगातार शिकायतों के बाद बिन्नागुड़ी वन्यजीव दस्ते ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पंप हाउस के पास बकरी को चारे के रूप में रखकर पिंजरा लगाया था। बुधवार सुबह श्रमिकों ने तेंदुए की दहाड़ सुनी। पास जाकर देखा तो तेंदुआ पिंजरे में बंद था। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और तेंदुए की तस्वीरें लेने लगे। भीड़ में महिलाएं, पुरुष और स्कूली बच्चे भी शामिल थे, जिससे वनकर्मियों को भीड़ नियंत्रित करने में परेशानी हुई। वन विभाग के अनुसार, पकड़े गए तेंदुए की प्राथमिक जांच और उपचार के बाद उसे जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी। हालांकि, क्षेत्र में और भी तेंदुओं की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए निगरानी जारी रहेगी। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद चाय बागान के श्रमिकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली ।