

गंगटोक : सिक्किम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शांतनु कुमार स्वाईं ने शनिवार को लोकभवन में सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने सिक्किम विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक यात्रा पर आधारित पुस्तक ‘विजनरी लीडरशिप: द क्वेस्ट फॉर एक्सीलेंस’ का विमोचन किया।
यह पुस्तक कुलपति प्रो. शांतनु कुमार स्वाईं के प्रशासनिक अनुभवों, दृष्टिकोण और नेतृत्व संबंधी विचारों को संकलित करती है। इसमें विश्वविद्यालय की अकादमिक एवं प्रशासनिक प्रगति और उत्कृष्टता की दिशा में किए गए प्रयासों को भी प्रमुखता दी गई है।
इस अवसर पर सिक्किम विश्वविद्यालय के यांगआंग परिसर के निदेशक प्रो. दुर्गा प्रसाद छेत्री, पुस्तकालय प्रभारी प्रो. सत्यानंद पांडा तथा हिंदी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रदीप त्रिपाठी उपस्थित रहे।
राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने कुलपति प्रो. स्वाईं और उनकी पूरी टीम को पुस्तक के प्रकाशन पर बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक यात्रा को समझने और भविष्य में उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी।