लाब्रांग पाल्देन फुन्सोक फोद्रांग मठ के 200 वर्ष पूरे

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने समारोह में की शिरकत
लाब्रांग पाल्देन फुन्सोक फोद्रांग मठ के 200 वर्ष पूरे
Published on: 

गंगटोक : मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने गुरु रिन्पोछे त्सेचू के पावन अवसर पर लाब्रांग पाल्देन फुन्सोक फोद्रांग मठ की 200वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर परम पावन ख्याब्जे खोत्चेन रिन्पोछे, परम पूज्य ख्याब्जे गोंजोंग रिन्पोछे तथा परम पूज्य ख्याब्जे काथोक तुल्कु रिन्पोछे की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रतिष्ठित मठ के 200 वर्ष पूरे होना सिक्किम की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। पीढ़ियों से यह मठ बौद्ध आस्था का पवित्र केंद्र रहा है और प्राचीन परंपराओं, धार्मिक शिक्षाओं तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिक्किम और यहां के लोगों की शांति, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने राज्य की सुख-समृद्धि और जनकल्याण के लिए गुरु रिन्पोछे का आशीर्वाद भी मांगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सिक्किम की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ तीर्थाटन और आध्यात्मिक पर्यटन को जिम्मेदारीपूर्ण एवं सतत तरीके से बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत तीर्थयात्रा से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं और संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि पवित्र धार्मिक स्थलों और मठों की परंपराओं, पवित्रता तथा विशिष्ट पहचान को सुरक्षित रखा जा सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपनी सांस्कृतिक जड़ों का सम्मान करने, विरासत की रक्षा करने और सिक्किम की आध्यात्मिक परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक जीवंत बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। मुख्यमंत्री ने कामना की कि गुरु रिन्पोछे का आशीर्वाद सदैव सिक्किम और यहां के लोगों का मार्गदर्शन एवं संरक्षण करता रहे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News