

गंगटोक : केंद्रीय पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह रविवार को तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर सिक्किम पहुंचे। रंगपो में उनके आगमन पर राज्य के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और डेयरी सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
स्वागत करने वालों में सिक्किम मिल्क यूनियन के अध्यक्ष याम कुमार मिश्रा, मत्स्य विभाग की सचिव रोशनी राई, पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवा विभाग के प्रधान निदेशक-सह-सचिव डॉ. संदीप गुरूंग, सिक्किम कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. टी.बी. घतानी तथा रंगपो की एसडीएम सुजाता सुब्बा शामिल रहे।
इस अवसर पर रंगपो के एसडीपीओ समीर प्रधान, पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवा विभाग के ओएसडी पूर्ण प्रसाद शर्मा, गृह विभाग के प्रोटोकॉल अधिकारी डी.पी. शिलाल, राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी डॉ. बिजय कुमार बेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और डेयरी सहकारी समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री विभिन्न विभागों की योजनाओं और पहलों की समीक्षा करेंगे। इसके तहत वह मंगन जिले का दौरा कर विकासात्मक गतिविधियों की प्रगति का जायजा लेंगे। इस दौरान विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, सिरी बुल प्रदर्शनियों और मत्स्य सहकारी समितियों का निरीक्षण भी प्रस्तावित है।
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री गंगटोक स्थित सिक्किम कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड में डेयरी सहकारी क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न पहलों का शुभारंभ करेंगे। इन पहलों का उद्देश्य डेयरी सहकारी व्यवस्था को मजबूत करना और सहकारिता आधारित विकास के माध्यम से टिकाऊ आजीविका के अवसर बढ़ाना है।