

कर्सियांग :पांचघरे-अम्बूटिया चाय बागान स्थित वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन का सातवां स्थापना दिवस रविवार को अध्यक्ष दीपक कुमार थापा की अध्यक्षता में मनाया गया। कार्यक्रम में अम्बटे क्षेत्र के 105 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक जिते राई को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान-2026’ प्रदान किया गया।कार्यक्रम में पांचघरे ग्राम सुधार वेलफेयर समिति के सभापति बलराम प्रधान, सचिव विशेष खाती, सत्य साई बाल विकास केंद्र के संस्थापक गणेश छेत्री, वरिष्ठ साहित्यकार सुदर्शन अम्बटे, संगठन के संरक्षक भूपाल राई तथा फ्रेंड्स ग्रुप के सभापति-सचिव प्रणय प्रधान और केवल थापा समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों को खदा अर्पित कर स्वागत के साथ हुई। इसके बाद संगठन के दिवंगत सदस्य मदन गिरी तथा नेपाल के रसुवा-भोटेकोशी क्षेत्र में बाढ़ में जान गंवाने वालों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा गया। धूप-दीप प्रज्वलित कर स्थापना दिवस का केक काटा गया।मुख्य आकर्षण 105 वर्षीय जिते राई का सम्मान रहा। उन्हें खदा, जातीय टोपी और शॉल पहनाकर स्मृति-चिह्न प्रदान किया गया। सम्मान-पत्र का वाचन शुभेच्छा थापा ने किया।
संगठन के सचिव नीलम कुमार गिरी ने संगठन की स्थापना के उद्देश्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन सामाजिक गतिविधियों के साथ साहित्यिक गोष्ठियों और साहित्यकारों के सम्मान का कार्य भी करता है।कार्यक्रम में युवाओं के फ्रेंड्स ग्रुप द्वारा सामाजिक व सेवामूलक कार्यों के लिए सदस्यों को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया। संगठन के संरक्षक भूपाल राई को भी सम्मानित किया गया।
इस दौरान 7 सितंबर को गठित नई कार्यकारिणी समिति की औपचारिक घोषणा वरिष्ठ साहित्यकार सुदर्शन अम्बटे ने की। अध्यक्ष दीपक कुमार थापा ने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वालों के प्रति आभार जताया।