कर्सियांग–महानदी के बीच दो नई टॉय ट्रेन जॉय राइड शुरू

‘मुक्त धारा’ डीजल और ‘रेड पांडा’ भाप इंजन से चलेगी
कर्सियांग–महानदी के बीच दो नई टॉय ट्रेन जॉय राइड शुरू
Published on: 

कर्सियांग : पर्यटकों की बढ़ती मांग को देखते हुए दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) ने कर्सियांग और महानदी के बीच दो नई टॉय ट्रेन जॉय राइड सेवाएं शुरू की हैं। रविवार को कर्सियांग रेलवे स्टेशन पर पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफ रेलवे) के अतिरिक्त महाप्रबंधक रमेश कुमार ने डीएचआर के निदेशक ऋषभ चौधरी और अन्य रेल अधिकारियों की उपस्थिति में इन सेवाओं का उद्घाटन किया।

नई सेवाओं में शाम के समय डीजल इंजन से संचालित होने वाली जॉय राइड का नाम ‘मुक्त धारा’ रखा गया है, जबकि सुबह के समय भाप इंजन से चलने वाली जॉय राइड को ‘रेड पांडा’ नाम दिया गया है। इन सेवाओं के शुरू होने से पर्यटकों को कर्सियांग और महानदी के बीच टॉय ट्रेन की सवारी का नया अनुभव मिलेगा।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए एनएफ रेलवे के अतिरिक्त महाप्रबंधक रमेश कुमार ने कहा कि दार्जिलिंग–घूम के बीच संचालित जॉय राइड पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। इसी तरह के अनुभव की मांग करने वाले पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कर्सियांग–महानदी के बीच भी दैनिक जॉय राइड सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सेवाओं से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के आकर्षण में और वृद्धि होगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in