

जलपाईगुड़ी : जैसे अयोध्या में राम मंदिर बना है, वैसे ही बिहार में सीता मंदिर बनेगा। अगर भाजपा सत्ता में आई तो पश्चिम बंगाल में भी बड़े बदलाव होंगे। भाजपा नेता व बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ये बातें कही हैं। वह रविवार को जलपाईगुड़ी जिला के माल बाजार महकमा के माल शहर के मौलानी बाजार में भाजपा की परिवर्तन यात्रा में सम्मिलित हुए। इस उपलक्ष्य में मुख्य वक्ता के रूप में उन्होंने उपरोक्त बातें कही।
उन्होंने आगे कहा कि, भाजपा की यह परिवर्तन यात्रा तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्टाचार, अराजकता, हिंसा व रंगदारी की संस्कृति को दूर कर कानून-व्यवस्था ठीक कर पारदर्शी शासन सुनिश्चित करने की ओर ले जाने वाली है। तृणमूल कांग्रेस ने चाय बागान के मज़दूरों के साथ बहुत भेदभाव किया है। भाजपा सत्ता में आने के 6 महीने के अंदर नए लेबर कोड लागू करेगी। उनके लिए प्रजा पट्टा अधिकार, ज़्यादा मज़दूरी और मज़दूरों व उनके परिवारों के लिए बेहतर सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि, भाजपा उत्तर बंगाल इलाके में घुसपैठ को रोकने के लिए सीमा की सुरक्षा को भी मज़बूत करेगी। औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। युवाओं के लिए रोज़गार के नए-नए अवसर पैदा होंगे। सरकारी नियुक्तियां स्वच्छ व पारदर्शी होंगी। सभी सरकारी खाली पद भरे जाएंगे और 45 दिनों के अंदर 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा। भाजपा बंगाल के लोगों के लिए एक अच्छा भविष्य बनाने की दिशा में काम करेगी।
उपरोक्त परिवर्तन यात्रा में जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग व अलीपुरदुआर जिला क्षेत्रों से भाजपा के सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक सम्मिलित रहे। वहीं, दूसरी ओर, इसी दिन, मालदह के गाजोल में भाजपा नेता व पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भी भाजपा की परिवर्तन यात्रा निकाली गई जिसमें हजारों भाजपा समर्थक सम्मिलित हुए।