

गंगटोक : योनेक्स-सनराइज 49वीं अंतरराज्यीय एवं अंतरक्षेत्रीय जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप 2026 के अंडर-19 वर्ग में तमिलनाडु की लड़कियों और कर्नाटक के लड़कों ने खिताब अपने नाम किया। गंगटोक के पालजोर स्टेडियम परिसर स्थित इंडोर बैडमिंटन हॉल में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों में कर्नाटक ने असम को 2-0 से तथा तमिलनाडु ने दिल्ली को 2-0 से हराया। लड़कों के फाइनल में कर्नाटक के हार्दिक दिव्यांश ने असम के बोर्निल आकाश चांगमई को 18-16, 15-6 से हराकर टीम को पहली जीत दिलाई। इसके बाद पवन सुरेश और पुनीत सुरेश की जोड़ी ने आनायन बोरा और बोर्निल आकाश चांगमई को 15-9, 10-15, 15-7 से पराजित कर खिताब पक्का किया। वहीं, लड़कियों के फाइनल में तमिलनाडु की दीक्षा एसआर ने दिल्ली की रिशिता नंदी को 15-12, 15-12 से हराया। इसके बाद अनन्या अरुण और अंजना मणिकंदन की जोड़ी ने रिशिता नंदी और इशिता नेगी को 16-14, 12-15, 15-10 से शिकस्त देकर तमिलनाडु को चैंपियन बनाया। पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीमों को पदक, प्रमाणपत्र, रेड पांडा स्मृति चिह्न और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। चैंपियन टीमों को 3.5 लाख, उपविजेता को 2 लाख तथा तीसरे स्थान की टीमों को 1 लाख रुपये दिए गए। लड़कियों के वर्ग में महाराष्ट्र और उत्तराखंड तथा लड़कों के वर्ग में उत्तराखंड और हरियाणा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। समारोह में सिक्किम विधानसभा अध्यक्ष एमएन शेरपा मुख्य अतिथि थे। विधानसभा उपाध्यक्ष राजकुमारी थापा और मेल्ली के विधायक एवं कृषि तथा बागवानी विभाग के सलाहकार एनबी प्रधान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। इस मौके पर बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम के वरिष्ठ उपाध्यक्ष फ्रांसिस राय, उपाध्यक्ष थेनडुप त्सेटेन भूटिया, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष जैकब खालिंग, गंगटोक नगर निगम की महापौर छेरिंग पालदेन भूटिया तथा सिक्किम ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष छेवांग सी. जांगपो सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि भारतीय बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता पहली बार सिक्किम में हो रही है। चैंपियनशिप का समापन 21 नवंबर को होगा। इस अवसर पर गायक पवनदीप राजन और पूर्णा राई की संगीत प्रस्तुतियां भी होंगी।