जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य समापन

सिक्किम में पहली बार हुआ आयोजन, राज्यपाल दुष्यन्त गौतम ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य समापन
Published on: 

गंगटोक : सिक्किम के राज्यपाल दुष्यन्त गौतम ने शनिवार को गंगटोक स्थित पालजोर स्टेडियम परिसर के इंडोर बैडमिंटन हॉल में आयोजित ‘योनेक्स-सनराइज 49वीं इंटर-स्टेट एवं इंटर-जोनल जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला लक्ष्मी गौतम भी उपस्थित रहीं। समारोह स्थल पर राज्यपाल और प्रथम महिला का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया।

पहली बार सिक्किम में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में देश के 28 राज्यों और पांच केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 33 टीमों के लगभग 500 युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह के दौरान राज्यपाल ने फाइनल मुकाबलों का आनंद लिया और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, खेल कौशल तथा समर्पण की सराहना की। उन्होंने फाइनल में पहुंचे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर राज्यपाल ने देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली प्रमुख खेल हस्तियों को सम्मानित किया। सम्मानित खिलाड़ियों में ओलंपियन तीरंदाज तरुणदीप राई, तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा, एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता, विश्व चैंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित ओजस देवताले, जो वर्तमान में विश्व में दूसरे और भारत में पहले स्थान पर हैं, तथा तीन बार एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली और विश्व चैंपियन सिमरनजीत कौर शामिल रहीं।

राज्यपाल ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया और बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उल्लेखनीय है कि इस चैंपियनशिप ने राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार सभी महिला चेयर अंपायरों के पैनल को शामिल कर भारतीय खेल इतिहास में एक नई उपलब्धि दर्ज की। समापन समारोह के दौरान राज्यपाल ने प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पदक एवं ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सिक्किम विधानसभा के अध्यक्ष मिंगमा नॉर्बु शेर्पा, शिक्षा एवं खेल तथा युवा मामलों के मंत्री राजू बस्नेत, विभिन्न जनप्रतिनिधि, राजनीतिक सलाहकार एवं बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम के अध्यक्ष जैकब खालिंग, आयोजन समिति के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि, प्रशिक्षक, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News