जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ सिक्किम ने वरिष्ठ पत्रकार विजय बान्तवा को दी श्रद्धांजलि

जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ सिक्किम ने वरिष्ठ पत्रकार विजय बान्तवा को दी श्रद्धांजलि
Published on: 

गंगटोक : जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ सिक्किम ने वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार स्वर्गीय विजय बान्तवा के निधन पर आज यूनियन कार्यालय में शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में यूनियन के अध्यक्ष प्रवीण खालिंग, सलाहकार एवं वरिष्ठ पत्रकार भीम राउत, कार्यकारिणी समिति के सदस्य, प्रेस क्लब ऑफ सिक्किम के महासचिव, संयुक्त सचिव सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने स्वर्गीय बान्तवा के चित्र पर खादा अर्पित कर मौन धारण किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के सलाहकार एवं वरिष्ठ पत्रकार भीम राउत ने कहा कि विजय बान्तवा के निधन से सिक्किम का पत्रकारिता जगत गहरे शोक में है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से सिक्किम की पत्रकारिता को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उन्होंने स्वर्गीय बान्तवा के योगदान को याद करते हुए उन्हें सिक्किम की नेपाली पत्रकारिता का एक आधारस्तंभ बताया।

यूनियन के अध्यक्ष प्रवीण खालिंग ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की चिरशांति और शोकसंतप्त परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की। उन्होंने सिक्किम के पत्रकारिता क्षेत्र में स्वर्गीय बान्तवा के अमूल्य योगदान को भी स्मरण किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार विजय गुरुङ ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सिक्किम के पत्रकार यदि पत्रकारिता के बुनियादी मूल्यों और मान्यताओं को आत्मसात करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें, तो यही स्वर्गीय विजय बान्तवा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ सिक्किम ने पुनः स्वर्गीय विजय बान्तवा के प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान और आदर्शों की छाप इतिहास में सदैव जीवित रहेगी तथा उनकी विरासत नई पीढ़ी के पत्रकारों को प्रेरित करती रहेगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News