जोंगु की जीवनशैली से रूबरू हुए राज्यपाल, किसानों से किया संवाद

स्थानीय जीवनशैली, कृषि गतिविधियों और ग्रामीण विकास का जायजा लिया
जोंगु की जीवनशैली से रूबरू हुए राज्यपाल, किसानों से किया संवाद
Published on: 

मंगन: सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने मंगलवार को मंगन जिले के जोंगु क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय जीवनशैली, कृषि गतिविधियों और ग्रामीण विकास की स्थिति का जायजा लिया। दौरे के दौरान राज्यपाल ने फिदांग ब्रिज मार्ग, सरकारी बागवानी फार्म, वाइब्रेंट विलेज क्षेत्र के नॉलेज शेयरिंग सेंटर, नेटल हैंडलूम सेंटर और एकीकृत कृषि फार्म का निरीक्षण किया। सरकारी बागवानी फार्म में उन्होंने संतरे की खेती और बड़ी इलायची के पुनरुद्धार कार्यों की जानकारी ली। जोंगु के हीगेथांग स्थित नॉलेज शेयरिंग सेंटर में आयोजित किसान गोष्ठी में राज्यपाल ने स्थानीय किसानों से सीधा संवाद किया और उनके उत्पादों का निरीक्षण किया। किसानों ने मानव संसाधन की कमी, जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान और कृषि उत्पादों के लिए बाजार की समस्या से उन्हें अवगत कराया। राज्यपाल ने किसानों से नवाचार अपनाने, बेहतर बाजार तलाशने और अपने उत्पादों का उचित मूल्य प्राप्त करने पर जोर दिया। उन्होंने जोंगु को प्राकृतिक संपदा और संभावनाओं से भरपूर क्षेत्र बताते हुए स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने नेटल हैंडलूम सेंटर का दौरा कर नेटल से धागा और कपड़े तैयार करने की पर्यावरण-अनुकूल तकनीक की प्रशंसा की। इसके अलावा एकीकृत कृषि फार्म में डेयरी, मत्स्य पालन, बागवानी और कृषि गतिविधियों का भी जायजा लिया। दौरे के दौरान मंगन जिला अधिकारी अनंत जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कृषि विशेषज्ञ मौजूद थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in