कालचीनी: अलीपुरदुआर जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए फिर से एक विशेष अभियान शुरू कर दिया हैं। गुरुवार को कालचीनी ब्लॉक के विभिन्न इलाकों में बड़ा संयुक्त अभियान चलाया। इस विशेष अभियान में कालचिनी थाना पुलिस और कालचीनी सर्कल के आबकारी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। इस दौरान कालचीनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कई गांवों में एकसाथ छापेमारी कर अवैध शराब के ठिकानों को निशाना बनाया गया। पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की गई। अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान करीब 70 लीटर चोलाई शराब जब्त की गई। इसके अलावा, लगभग 2,500 लीटर फर्मेंटेड वॉश को मौके पर ही नष्ट किया गया और कुछ हिस्से को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त किया गया। शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले ड्रम, उपकरण और अन्य संबंधित सामग्रियों को भी जब्त किया गया है। अभियान के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि ये आरोपी लंबे समय से अवैध शराब निर्माण और बिक्री से जुड़े हुए थे। इनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि यह आम लोगों के स्वास्थ्य और जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस और आबकारी विभाग लगातार संयुक्त अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों ने साफ किया है, आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और अवैध शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन की इस पहल की सराहना की है।