जॉन बारला राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष नियुक्त

अल्पसंख्यक आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष जॉन बारला।
अल्पसंख्यक आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष जॉन बारला।
Published on

नागराकाटा: पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जॉन बारला को राज्य सरकार ने पश्चिम बंगाल राज्य अल्पसंख्यक आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। गुरुवार को अल्पसंख्यक कार्य एवं मदरसा शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। गौरतलब है कि जॉन बारला ने इस वर्ष 15 मई को भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का दामन थामा था। तभी से राजनीतिक हलकों में चर्चा थी कि उन्हें इस पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है। पिछले छह महीनों से वे लगभग निष्क्रिय थे, लेकिन आखिरकार उनके राजनीतिक भाग्य का द्वार खुल गया। नियुक्ति पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जॉन बारला ने कहा,

"मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाने की कोशिश करूंगा। मैं सदैव आभारी रहूंगा। जाति, धर्म और समुदाय से ऊपर उठकर सभी के साथ मिलकर काम करना चाहता हूं।

चाय-श्रमिकों के हितों पर भी मेरी विशेष नजर रहेगी। उल्लेखनीय है कि कोलकाता स्थित तृणमूल कांग्रेस मुख्यालय में राज्य अध्यक्ष सुब्रत बक्सी, मंत्री अरूप विश्वास और जयप्रकाश मजूमदार की उपस्थिति में उन्होंने टीएमसी का झंडा थामा था। उस समय यह भी कहा गया था कि उन्हें पार्टी की ट्रेड यूनियन की जिम्मेदारी भी दी जाएगी, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बारला का कहना है, "पार्टी जब जो उचित समझेगी वो जिम्मेदारी देगी। मेरा काम है अपना कर्तव्य निभाना और संगठन को मजबूत बनाना।

तृणमूल कांग्रेस की ओर से आधिकारिक घोषणा न होने के बावजूद, पार्टी में शामिल होने के समय ही यह चर्चा थी कि उन्हें राज्य अल्पसंख्यक आयोग का उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। इसके लिए 14 अगस्त को आयोग से संबंधित नियमों में संशोधन कर अधिसूचना भी जारी की गई थी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in