कालिम्पोंग: राष्ट्र निर्माण में करदाताओं के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से आयकर कार्यालय, कालिम्पोंग में 167वां आयकर दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयकर अधिकारी आशुतोष कुमार ने की। इसमें चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ता, विधि विशेषज्ञ और व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में नए आयकर अधिनियम 2025 के प्रावधानों पर विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। आशुतोष कुमार ने बताया कि नए अधिनियम का उद्देश्य कर प्रणाली को सरल, पारदर्शी और करदाता-अनुकूल बनाना है। इस दौरान विवाद समाधान, कर मांग प्रक्रिया और करदाता जागरूकता जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने करदाताओं से समय पर रिटर्न दाखिल करने और ईमानदारी से कर भुगतान कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। सत्र में चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ताओं और करदाताओं ने नए कानून से जुड़े सवाल रखे, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया। कार्यक्रम में सीए सुमित जिंदल, अधिवक्ता विशाखा अग्रवाल सहित कई लोगों ने अपने विचार रखे।