दो बच्चों के साथ 14 दिनों से लापता गृहिणी, गहराया रहस्य

शिकायत दिखाते लापता महिला के पति जुबेर आलम
शिकायत दिखाते लापता महिला के पति जुबेर आलम
Published on

इस्लामपुर: इस्लामपुर थाना क्षेत्र के ताराबाड़ी इलाके में दो बच्चों के साथ एक गृहिणी के लापता होने से इलाके में चिंता का माहौल है। घटना के 14 दिन बाद भी अजमीरा बेगम और उसके दोनों नाबालिग बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस मामले में पति और मायके पक्ष की ओर से लगाए गए अलग-अलग आरोपों के कारण रहस्य और गहरा गया है। जानकारी के अनुसार, लापता महिला के पति जुबेर आलम का कहना है कि 2 जुलाई की दोपहर अजमीरा बेगम अपने दोनों बच्चों के साथ यह कहकर घर से निकली थी कि वह अपने मायके जा रही है। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी, तो पति ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद जुबेर आलम ने उत्तर दिनाजपुर के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर पत्नी और बच्चों को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके ससुराल पक्ष के लोगों ने जानबूझकर उनकी पत्नी को कहीं छिपा रखा है। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, अजमीरा बेगम के पिता यूसुफ आलम ने पति के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उनकी बेटी शादी के बाद से ही मानसिक प्रताड़ना का सामना कर रही थी। उन्होंने कहा कि परिवार लंबे समय से उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित था। इस बीच, 5 जुलाई को अजमीरा के भाई मोहम्मद तौहीद राजा ने इस्लामपुर थाने के पटागोरा क्षेत्र में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 4 जुलाई को उनकी बहन को जबरन ले जाया गया और उसके बाद से वह अपने दोनों बच्चों के साथ लापता है। परिवार ने पुलिस से जल्द बरामदगी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। एक ही घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए जाने के बाद इस्लामपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है |

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in