

कलिम्पोंग : समाज कल्याण और जनसेवा के क्षेत्र में करीब 14 वर्षों से सक्रिय सामाजिक संस्था ‘हू केयर्स’ अब एम्बुलेंस सेवा शुरू करने जा रही है। संस्था की इस पहल से आपात स्थिति में बीमार और जरूरतमंद लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है। संस्था के प्रवक्ता सुमन गजमेर के अनुसार, एम्बुलेंस सेवा का उद्देश्य मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता करना है। सेवा को संचालित रखने के लिए न्यूनतम मार्जिन के साथ किराया लिया जा सकता है, जबकि आर्थिक रूप से असमर्थ लोगों को एम्बुलेंस की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। सेवा के लिए 9593600186 पर संपर्क किया जा सकता है। संस्था के संस्थापक आरोन योंजन की पहल पर ‘हू केयर्स’ विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज में सहयोग, मानवीय संवेदना और सेवा भावना को बढ़ावा देता रहा है। एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत को संस्था की सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों में समय पर चिकित्सा सहायता और अस्पताल तक पहुंच बेहद अहम होती है। ऐसे में संस्था की यह पहल स्थानीय लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। ‘हू केयर्स’ को उम्मीद है कि इस सेवा से जरूरतमंदों को राहत मिलेगी और समाज में जनसेवा की भावना और मजबूत होगी।