

सिलीगुड़ी। राजगंज ब्लॉक के आमबाड़ी परमंडा इलाके में अचानक हुई भारी ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हो गया। बड़े-बड़े ओले गिरने से इलाके के कई घरों को नुकसान पहुंचा है। खासकर टिन की छतों पर ओलों की मार से कई जगह छतें क्षतिग्रस्त हो गईं।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, अचानक मौसम बदलने के बाद इलाके में तेज ओलावृष्टि शुरू हो गई। देखते ही देखते बड़े आकार के ओले गिरने लगे। इससे कई घरों की टिन की छतों में नुकसान हुआ। वहीं, घरों के बाहर रखे सामान भी ओलावृष्टि की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।
इस प्राकृतिक आपदा का असर खेती पर भी पड़ा है। इलाके में सब्जियों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचने की खबर है। इससे स्थानीय किसानों की चिंता बढ़ गई है। अचानक हुई इस ओलावृष्टि के कारण लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
फिलहाल नुकसान का वास्तविक आंकड़ा सामने नहीं आया है। स्थानीय स्तर पर प्रभावित घरों और फसलों को हुए नुकसान का विस्तृत ब्योरा सामने आने का इंतजार है।