फूलबाड़ी के निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य आयोग का निरीक्षण

इंफ्रास्ट्रक्चर से फायर सेफ्टी तक खंगाली व्यवस्था
Health commissionar
Health commissionar
Published on

सिलीगुड़ी : निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में मरीजों की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य आयोग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को सिलीगुड़ी के कई निजी नर्सिंग होम का निरीक्षण करने के बाद रविवार को स्वास्थ्य आयोग की टीम फूलबाड़ी पहुंची।यहां टीम ने निजी कैंसर अस्पताल और थैलमस अस्पताल का दौरा कर अस्पताल के इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शनिवार को स्वास्थ्य आयोग की टीम ने शहर के कई निजी स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान अस्पतालों में बुनियादी ढांचे, जरूरी लाइसेंस, फायर सेफ्टी सिस्टम, एंबुलेंस और मरीजों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं की जानकारी ली गई। निरीक्षण में खास तौर पर यह देखा गया कि निजी अस्पताल स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं। आपात स्थिति में मरीजों की सुरक्षा के लिए अस्पतालों में पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं, इसकी भी पड़ताल की गई। फायर लाइसेंस, अग्निशमन व्यवस्था और आग लगने की स्थिति में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वैकल्पिक रास्तों की उपलब्धता पर भी ध्यान दिया गया। इसके अलावा अनियमितता पाए जाने पर अस्पताल प्रबंधन को नोटिस भी जारी किया गया था। इसी दौरान एक नर्सिंग होम में एग्जिट गेट के पास अंदर की ओर गाड़ी पार्क किए जाने को लेकर स्वास्थ्य कमिश्नर नाराज भी हुए। इससे अस्पतालों में आपातकालीन निकासी व्यवस्था को लेकर आयोग की सख्ती का संकेत मिला। रविवार को यह निरीक्षण अभियान फूलबाड़ी तक पहुंचा। स्वास्थ्य आयोग की टीम ने निजी कैंसर अस्पताल और थैलमस अस्पताल का दौरा कर विभिन्न विभागों की सुविधाओं और अस्पताल की आधारभूत संरचना का जायजा लिया। टीम ने अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों का निरीक्षण करने के साथ ही वहां मौजूद हेलिपैड की व्यवस्था भी देखी। गौरतलब है कि सिलीगुड़ी के कुछ निजी नर्सिंग होम को लेकर पहले भी बिलिंग, बुनियादी ढांचे और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आती रही हैं। कुछ महीने पहले एक नर्सिंग होम में आग लगने की घटना के बाद भी मरीजों की सुरक्षा और फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। ऐसे में स्वास्थ्य आयोग का लगातार दो दिनों तक निजी स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण करना खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in