मिट्टी, कला और परंपरा का संगम बनेगा हैदरपाड़ा का दुर्गापूजा पंडाल

टेराकोटा और लोकशिल्प की झलक से सजेगा हैदरपाड़ा स्पोर्टिंग क्लब का 57वां दुर्गापूजा पंडाल
Haider para sporting club puja pandal
Haider para sporting club puja pandal
Published on: 

सिलीगुड़ी : हैदरपाड़ा स्पोर्टिंग क्लब इस वर्ष अपनी 57वीं दुर्गापूजा में बंगाल की मिट्टी, कला और लोकपरंपरा को दर्शाने की तैयारी में जुटा है। इस बार पूजा की थीम ‘बांग्लार माटी ओ शिल्प’ रखी गई है। इसी थीम के तहत पंडाल को बंगाल की प्रसिद्ध टेराकोटा कला और लोकशिल्प से सजाया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बंगाल की कला, संस्कृति और परंपरा को श्रद्धालुओं और दर्शकों के सामने एक अलग अंदाज में प्रस्तुत करना है।पंडाल से लेकर प्रतिमा और सजावट तक, पूरे आयोजन में बंगाल की पारंपरिक कला की झलक देखने को मिलेगी। मां दुर्गा की प्रतिमा को पूरी तरह पारंपरिक अंदाज में सजाया जाएगा। पंडाल की थीम तैयार करने की जिम्मेदारी उत्तर बंगाल के कलाकार अचिंत्य को दी गई है, जबकि रोशनी की सजावट अनुप पाल करेंगे। पूजा में पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है और सजावट में पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पूजा कमेटी के सचिव उत्पल पाल चौधरी के मुताबिक, इस वर्ष पूजा का अनुमानित बजट करीब 20 लाख रुपये है। पूजा के चारों दिन श्रद्धालुओं के लिए भोग की व्यवस्था रहेगी। वहीं, नवमी के दिन कन्यापूजा का आयोजन भी किया जाएगा। दुर्गापूजा के अलावा क्लब वर्षभर सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़ा रहता है। रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर सहित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।दर्शकों की सुरक्षा के लिए पंडाल के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस-प्रशासन के साथ क्लब के स्वयंसेवक भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। इस बार हैदरपाड़ा का पूजा परिसर बंगाल की मिट्टी, टेराकोटा, लोककला और पर्यावरण जागरूकता के खूबसूरत मेल का संदेश देगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in