

कालिम्पोंग: कार्यक्रम का न्योता स्वीकार करने के बाद इंडियन गोरखा जनशक्ति फ्रंट के संस्थापक अध्यक्ष एवं निर्वाचित सभासद अजय एडवर्ड्स और सभासद रूबेन दास प्रधान कालिम्पोंग पहुंचे। हालांकि खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि GTA में भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व न्यायाधीश बिश्वजीत बसु के नेतृत्व में गठित कमेटी GTA क्षेत्र में शिक्षक भर्ती, अमृत जल योजना, पेयजल समेत विभिन्न योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार की जांच करेगी। लेप्चा डेवलपमेंट बोर्ड, तमांग डेवलपमेंट बोर्ड सहित अन्य बोर्डों की भी जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि GTA के चीफ एग्जीक्यूटिव और कई सभासदों के इस्तीफे के बाद राज्य सरकार ने GTA के प्रिंसिपल सेक्रेटरी स्मृति रंजन महांती को प्रशासक नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि महांती इस्तीफा नहीं देने वाले सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों की सलाह से GTA का संचालन करेंगे। अजय एडवर्ड्स ने GTA में भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी शुरू से ही भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के खिलाफ आवाज उठाती रही है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करती रही है।