

कालिम्पोंग: दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने बुधवार को नई दिल्ली में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में ‘ग्रामीण विकास में बैंकों की भूमिका’ विषय पर विस्तार से चर्चा की गई।
सांसद बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहे भारत में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बैंकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों में आसान ऋण की उपलब्धता, किसानों को वित्तीय सहायता, स्थानीय कारीगरों के व्यवसाय को प्रोत्साहन और कृषि गतिविधियों के लिए आवश्यक वित्तीय सहयोग ग्रामीण विकास की बुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ गांवों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए बैंकिंग सेवाओं की पहुंच का विस्तार जरूरी है। उन्होंने जोर दिया कि वित्तीय संस्थानों की सक्रिय भागीदारी और ऋण की सुचारु उपलब्धता ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।