मालदह: 28 अगस्त को कुलपति पवित्रा चट्टोपाध्याय के हटने के बाद से गौड़बंगा विश्वविद्यालय बिना कुलपति के था। राज्यपाल ने गौड़बंगा विश्वविद्यालय के नए कुलपति के नाम की घोषणा की। राज्य सरकार ने इस पर अपनी मुहर लगा दी है। विश्वभारती के भौतिकी विभाग के प्रोफेसर आशीष भट्टाचार्य को कुलपति नियुक्त किया गया है। नए कुलपति आशीष भट्टाचार्य ने 18 नवंबर को कार्यभार संभाला। छात्र, प्रोफेसरों से लेकर अधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया। कार्यभार संभालने के पहले दिन ही कुलपति को छात्रों के गुस्से का सामना करना पड़ा। छात्रों ने आरोप लगाया कि अतिरिक्त शुल्क के कारण दूसरा सेमेस्टर साढ़े पांच महीने देरी से शुरू हुआ है। पहले सेमेस्टर का प्रवेश शुल्क 2300 रुपये था, लेकिन बाद में दूसरे सेमेस्टर का प्रवेश शुल्क बढ़ाकर 4800 रुपये कर दिया गया छात्रों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया और विरोध प्रदर्शन के दौरान बाहरी लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
छात्रों के एक वर्ग ने विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। पूरी बात सुनने के बाद कुलपति आशीष भट्टाचार्य ने उन्हें आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मेरी पहली प्राथमिकता छात्रों की सभी समस्याओं का समाधान करना होगा। मैं ऐसा करूंगा। इसके अलावा, सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत किया जाएगा ताकि बाहरी लोग प्रवेश न कर सकें।