अलीपुरदुआर : अलीपुरदुआर जिले के कालचीनी ब्लॉक अंतर्गत हासीमारा इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय बच्ची की नाले में बह जाने से मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, भरनोबाड़ी चाय बागान क्षेत्र की निवासी जया उरांव (4) सुबह अपने परिवार के साथ बाहर गई थी। इसी दौरान जलमग्न इलाके से गुजरते समय वह तेज बहाव वाले नाले में गिरकर बह गई। करीब पांच घंटे चले तलाशी अभियान के बाद उसका शव साताली चाय बागान क्षेत्र के नाले से लगभग तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया।
पंचायत प्रधान सहित चार लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हासीमारा चौपथी के पास भोला नाले पर अवैध कब्जा कर कई निर्माण किए गए हैं, जिससे प्राकृतिक जल निकासी बाधित हो गई है। भारी बारिश के कारण पानी का बहाव रिहायशी इलाकों की ओर मुड़ गया, जिससे गांव में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अलीपुरदुआर–जयगांव राज्य सड़क और एनएच-48 को जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों ने कथित अवैध निर्माण और प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों ने ग्राम पंचायत प्रधान, उनके पति, एक पंचायत सदस्य सहित चार लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और सड़क जाम हटवाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वहीं भाजपा नेताओं ने भी घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।