

गंगटोक: सिक्किम विजिलेंस पुलिस (एसवीपी) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में राज्य बैंक ऑफ सिक्किम (एसबीएस) के पूर्व महाप्रबंधक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी 28 सितंबर को हुई। आरोपी की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
एसवीपी ने 30 सितंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि आरोपी से जुड़े गंगटोक और सिलीगुड़ी के कई आवासीय परिसरों में तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के अनुसार, आरोपी ने 2022 से 2024 के बीच एसबीएस के महाप्रबंधक पद पर रहते हुए कथित तौर पर भ्रष्ट गतिविधियों के माध्यम से बैंक के ग्राहकों और लाभार्थियों को नुकसान पहुंचाया तथा करोड़ों रुपये के गबन का आरोप है।
विजिलेंस के मुताबिक, कथित गबन की राशि से आरोपी और उसकी पत्नी के नाम पर जमीन और भवन खरीदे गए। तलाशी के दौरान संपत्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
एसवीपी ने कहा कि संपत्तियों की पहचान और मूल्यांकन के बाद उन्हें कानून के तहत कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, ईडी पहले ही आरोपी की करोड़ों रुपये की कुछ अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क कर चुका है। मामले की जांच जारी है।