कालिम्पोंग यूनाइटेड प्रेस का गठन

स्वतंत्र पत्रकारों को एक मंच पर लाने के लिए ‘कालिम्पोंग यूनाइटेड प्रेस’ का गठन
कालिम्पोंग यूनाइटेड प्रेस का गठन
Published on: 

कालिम्पोंग : कालिम्पोंग के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों और स्वतंत्र रूप से पत्रकारिता कर रहे पत्रकारों को एक साझा मंच पर लाने के उद्देश्य से ‘कालिम्पोंग यूनाइटेड प्रेस’ का गठन किया गया है। बस स्टैंड स्थित कर्मा किचेन में आयोजित बैठक में जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ कालिम्पोंग और कालिम्पोंग प्रेस क्लब से जुड़े प्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस नए संयुक्त मंच को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में उन पत्रकारों को भी एक साझा मंच से जोड़ने की पहल की गई, जो वर्तमान में कालिम्पोंग के दोनों प्रमुख पत्रकार संगठनों से संबद्ध नहीं हैं और स्वतंत्र रूप से अपने क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से दोनों संगठनों के आपसी परामर्श से ‘कालिम्पोंग यूनाइटेड प्रेस’ नामक संयुक्त फोरम के गठन का निर्णय लिया गया।

नए फोरम का उद्देश्य कालिम्पोंग में सक्रिय विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकारों के साथ-साथ स्वतंत्र पत्रकारों को एक कॉमन प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से पत्रकारों के साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से काम करने और आपसी समन्वय बढ़ाने की योजना है।

ज्वाइंट फोरम के संयोजक नरेंद्र तमांग ने बताया कि फोरम के माध्यम से प्रेस कॉन्फ्रेंस और विभिन्न कार्यक्रमों के लिए उपयुक्त स्थान की व्यवस्था, पत्रकारों के लिए प्रेस बिल्डिंग के निर्माण की पहल तथा पत्रकारों के हितों और पेशेवर अधिकारों से जुड़े विषयों पर काम करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मंच दोनों मौजूदा संगठनों से ऊपर रहकर पत्रकारों के साझा हितों के लिए काम करेगा।

तमांग के अनुसार, फोरम के संचालन के लिए शुरुआती चरण में एक एडहॉक कमेटी का गठन किया गया है। इसमें संयोजक और कोषाध्यक्ष समेत कुछ पदों पर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। आने वाले दिनों में फोरम को और अधिक संगठित एवं व्यापक बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

‘कालिम्पोंग यूनाइटेड प्रेस’ के गठन का उद्देश्य पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े साझा मुद्दों पर संवाद, समन्वय और सामूहिक पहल को बढ़ावा देना है। आयोजकों को उम्मीद है कि कालिम्पोंग के अलग-अलग मीडिया संस्थानों और स्वतंत्र पत्रकारों के इस साझा मंच से पत्रकारों के पेशेवर हितों से जुड़े मुद्दों को एक साथ उठाने में मदद मिलेगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in