नागराकाटा: धूपगुड़ी प्रेस क्लब के तत्वावधान में आयोजित सरस्वती उत्सव का गुरुवार को धूमधाम से औपचारिक उद्घाटन किया गया। उत्सव का उद्घाटन जलपाईगुड़ी जिले की जिलाधिकारी शामा परवीन ने किया। इस अवसर पर जलपाईगुड़ी के पुलिस अधीक्षक वाई. रघुवंशी, धूपगुड़ी की अनुमंडल अधिकारी श्रद्धा सुब्बा, धूपगुड़ी के विधायक निर्मल चंद्र राय, धूपगुड़ी नगरपालिका के उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह सहित जिला एवं अनुमंडल प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के अंतर्गत एक फोटो प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया गया, जिसका उद्घाटन जिला पुलिस अधीक्षक वाई. रघुवंशी ने किया। इसके साथ ही मंच पर “सजाओ-सहेज कर” प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब की ओर से जरूरतमंदों के बीच शीत वस्त्रों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से “नक्षत्र सम्मान” समारोह का आयोजन किया गया। बीते सितंबर माह में आई भीषण बाढ़ के दौरान जिन्होंने निस्वार्थ भाव से दिन-रात सेवा कार्य किया, उन्हें इस सम्मान से अलंकृत किया गया। जिला पुलिस, जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।धूपगुड़ी प्रेस क्लब की ओर से नक्षत्र सम्मान जलपाईगुड़ी की जिलाधिकारी शामा परवीन, जिला पुलिस अधीक्षक वाई. रघुवंशी, नागराकाटा ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोल्ला इरफान, बानरहाट हाई स्कूल के प्रधान शिक्षक सुकल्याण भट्टाचार्य तथा ‘पैड वुमन’ के नाम से विख्यात उदलाबाड़ी की समाजसेवी प्रीति मिंज को प्रदान किया गया।
धूपगुड़ी प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीत दे ने कहा कि सरस्वती उत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और मानवता के बीच सेतु स्थापित करने का प्रयास है। समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वालों को सम्मानित करना क्लब का नैतिक दायित्व है।
उल्लेखनीय है कि सरस्वती उत्सव के उपलक्ष्य में धूपगुड़ी प्रेस क्लब की पहल पर पूर्व में भी कई प्रतियोगितात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बीते रविवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं विद्यालयों की सहभागिता से “हजार तूलिकाओं की रेखाओं में बसंत” शीर्षक से बैठकर चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें एक हजार से अधिक बच्चों और प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता को विभिन्न आयु वर्गों के अनुसार पांच श्रेणियों में विभाजित किया गया था। इसके अतिरिक्त, एक अंतरराज्यीय शतरंज प्रतियोगिता भी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। आगामी 23 जनवरी को सरस्वती पूजा के दिन सामूहिक हाथेखड़ी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरस्वती उत्सव के अगले चरण का आयोजन किया जाएगा।