पाक्योंग: 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ओपन नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के तहत मंगलवार को पाक्योंग स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल मैदान में क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। टूर्नामेंट का आयोजन पाक्योंग स्पोर्टिंग क्लब द्वारा जिला प्रशासनिक केंद्र, पाक्योंग के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास, पंचायती राज एवं सहकारिता विभाग के मंत्री अरुण कुमार उप्रेती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए । उनके अलावा पाक्योंग की जिला कलेक्टर परी बिश्नोई सहित प्रशासनिक एवं वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। तीसरे क्वार्टर फाइनल में एचएफए मकवानपुर (नेपाल) को वन विभाग ने 3-1 से हराया। वन विभाग के फागुराम थारू को मैन ऑफ द मैच चुना गया। चौथे क्वार्टर फाइनल में ओमिशा एंटरप्राइज, सिलीगुड़ी ने रेंजर्स को 3-1 से पराजित किया। ओमिशा एंटरप्राइज के प्रदीप लामा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इन जीत के साथ वन विभाग और ओमिशा एंटरप्राइज ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। टूर्नामेंट के तहत क्लबों, संघों और स्थानीय समूहों के बीच नॉकआउट प्रारूप में रस्साकशी प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान डामलाखा जूनियर हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जबकि सेंट जेवियर्स स्कूल के विद्यार्थियों ने बैंड प्रदर्शन किया।