केयरटेकर महिला ने बुजुर्ग के घर से चुराई सोने की चेन, जीजा को देकर पिघलवाया

सुभाषपल्ली में बुजुर्ग के घर से नकदी व सोने की चेन चोरी का मामला, महिला समेत दो गिरफ्तार
केयरटेकर महिला ने बुजुर्ग के घर से चुराई सोने की चेन, जीजा को देकर पिघलवाया
Published on

सिलीगुड़ी : सुभाषपल्ली इलाके में एक बुजुर्ग के घर से सोने की चेन और नकदी चोरी के मामले में सिलीगुड़ी थाना पुलिस ने केयरटेकर महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लाबनी राय उर्फ रिंकी और रामचंद्र सरकार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, लाबनी राय बीमार नरेंद्र नाथ दाम के घर पर केयरटेकर के तौर पर काम करती थी।

पुलिस का आरोप है कि घर में काम करने के दौरान मौका पाकर लाबनी ने अलमारी से सोने की चेन और नकदी चोरी कर ली। इसके बाद उसने कथित तौर पर चोरी की सोने की चेन अपने रिश्तेदार रामचंद्र सरकार को दे दी। पुलिस के मुताबिक, गहने की पहचान छिपाने के लिए रामचंद्र ने चेन को पिघलाकर सोने में बदल दिया।

घर से कीमती सामान गायब होने का पता चलने के बाद नरेंद्र नाथ दाम ने सिलीगुड़ी थाने में शिकायत दर्ज करायी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और केयरटेकर लाबनी से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर रामचंद्र सरकार को भी गिरफ्तार किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने पिघलायी गयी सोने की चेन से प्राप्त सोना भी बरामद कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर चोरी की घटना में उनकी कथित भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। दोनों को बुधवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in