

सिलीगुड़ी : खालपाड़ा इलाके में एक चावल के गोदाम में नामी कंपनियों के नाम पर कथित तौर पर नकली चावल बेचने की शिकायत की जांच के दौरान पत्रकारों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दो पत्रकारों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने मामले में गोदाम के कथित मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, खालपाड़ा स्थित एक चावल के गोदाम में नामी कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर कथित रूप से नकली चावल बेचे जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर एनफोर्समेंट ब्रांच की टीम ने सोमवार को गोदाम में अभियान चलाया। इसी कार्रवाई की खबर जुटाने के लिए कुछ पत्रकार भी मौके पर पहुंचे थे।आरोप है कि इसी दौरान गोदाम के मालिक ने पत्रकारों के साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। घटना में दो पत्रकार घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उस समय मौके पर पुलिस भी मौजूद थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और उसे सिलीगुड़ी थाने ले जाया गया। पत्रकारों पर कथित हमले की खबर फैलते ही स्थानीय पत्रकारों में रोष फैल गया। घटना के विरोध में सिलीगुड़ी के अन्य पत्रकारों ने सिलीगुड़ी थाने के सामने प्रदर्शन किया और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गोदाम में कथित मिलावटी या नकली चावल की बिक्री से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है।