

सिलीगुड़ी : चोरी की शिकायत दर्ज होने के 4 घंटे के भीतर ही प्रधान नगर थाने की एंटी क्राइम विंग की पुलिस ने चोरी की महंगी साइकिल बरामद कर ली। इस घटना में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। आरोपी का नाम करण मल्लिक है। आरोपी सिलीगुड़ी के कुलीपाड़ा इलाके का रहने वाला है।
पता चला है कि देहरादून निवासी सागर राठौर ने काम के सिलसिले में सिलीगुड़ी के बाघाजतिन कॉलोनी इलाके में एक मकान किराए पर लिया। वहीं से आरोपी उसकी एक महंगी कंपनी की साइकिल लेकर फरार हो गया। उस साइकिल का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग बीस हज़ार रूपये बताया जा रहा है। काफी खोजबीन के बाद भी साइकिल न मिलने पर सागर ने प्रधान नगर थाने में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
फिर सीसीटीवी फुटेज खंगालने और पूरी घटना की जाँच के बाद पुलिस ने 4 घंटे के भीतर ही आरोपी को बागडोगरा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। चोरी की गई साइकिल भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया और पूरी घटना की जाँच शुरू कर दी। इसके अलावा, बरामद साइकिल को उसके असली मालिक को सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।