एसडीएफ की कार्यशाला में सुरक्षा और अधिकारों को लेकर एकजुटता पर जोर

एसडीएफ की कार्यशाला में सुरक्षा और अधिकारों को लेकर एकजुटता पर जोर
Published on: 

जोरथांग: दक्षिण सिक्किम के जोरथांग स्थित सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) पार्टी कार्यालय में सोमवार को एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में पार्टी की भावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और कार्यक्रमों को जनस्तर तक पहुंचाने पर चर्चा हुई।

सोरेन्ग जिला समिति के अध्यक्ष महेंद्र नाल्बो सुब्बा ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता और सजगता के साथ निभाने का आह्वान किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नर बहादुर भंडारी की जयंती पर उन्हें याद करते हुए सिक्किम के प्रति उनके योगदान को भी रेखांकित किया।

एसडीएफ के प्रचार-प्रसार मामलों के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एम.एन. दाहाल ने पार्टी की नीतियों और कार्यनीति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एसडीएफ ने अपने 25 वर्षों के शासनकाल में सिक्किम और सिक्किमवासियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए नीतियां अपनाईं और भविष्य में भी इन्हीं मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने वर्तमान सरकार पर सिक्किम के विशेष अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े हितों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि बाहरी राजनीतिक प्रभावों से सिक्किम की पहचान और हित प्रभावित हो रहे हैं।

नेताओं ने सिक्किम को सुरक्षित रखने के लिए सिक्किमवासियों की एकता को आवश्यक बताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यशाला में सोरेन्ग जिला समिति के अंतर्गत आने वाले विभिन्न स्तरों के पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in