राष्ट्रीय राजमार्ग और चाय बागान क्षेत्र में हाथियों का दहशत

सड़क पार करता हुआ हाथी
सड़क पार करता हुआ हाथी
Published on

अलीपुरदुआर: रविवार को अलीपुरदुआर जिले में एक ही दिन तीन अलग-अलग स्थानों पर हाथियों की सक्रियता से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। कहीं गांव के भीतर घायल हाथी घूमता दिखा, तो कहीं चाय बागान में हाथियों के झुंड के चले आने से श्रमिकों में हड़कंप मच गया, वहीं, दोपहर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशाल हाथी के चले आने से काफी देर तक यातायात बाधित रहा। रविवार को पहली घटना कालचीनी ब्लॉक के भूटान सीमा से सटे दलसिंगपाड़ा के रणबाहादुर बस्ती में सामने आई। जहां अचानक एक घायल जंगली हाथी गांव के अंदर घूमता हुआ देखा गया। हाथी के पीछे के पैर में गहरा जख्म था, जिससे वह काफी परेशान दिखाई दे रहा था। हाथी कुछ समय तक गलियों में घूमता रहा और फिर धीरे-धीरे गांव से बाहर निकल गया।

दूसरी घटना अलीपुरदुआर जिले के बीरपाड़ा के निकट दलगांव चाय बागान में हुई। सुबह से ही एक जंगली हाथी चाय बागान में दहाड़ता हुआ घूमता रहा। चाय बागान के मजदूर काम छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। इस दौरान पूरे इलाके में आतंक का माहौल बन गया। सूचना पाते ही दलगांव रेंज वन विभाग के वनकर्मी मौके पर पहुंचे और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास शुरू कर दिया।

तीसरी और सबसे चर्चित घटना दोपहर बाद निमती क्षेत्र के 31 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। यहां एक विशाल दांताल हाथी सीधे हाइवे पर आ गया। अचानक हाथी को देखकर वाहन चालकों में अफरा तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। कुछ देर बाद हाथी सड़क पार कर चाय बागान में चला गया और यातायात बहाल हुआ। इन तीनों घटनाओं ने स्थानीय निवासियों में गहरी चिंता उत्पन्न कर दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in