

सिलीगुड़ी : भारत-नेपाल सीमा से सटे बतासी अन्तारामजोत इलाके में मेची नदी तट पर हाथियों के झुंड की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में हलचल मच गई है। इलाके में हाथियों के झुंड को देखे जाने के बाद वन विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने स्थानीय निवासियों के साथ-साथ मेची नदी के आसपास आने-जाने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग की ओर से कहा गया है कि हाथियों के झुंड के करीब जाने, उन्हें परेशान करने या उनके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश न करें। हाथियों को देखने के लिए भीड़ जमा करने से भी बचने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें। जंगली हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए स्थानीय लोगों से सतर्कता बरतने और विभाग के निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है।