दुकानें टूटीं तो छलका कारोबारियों का दर्द, बर्दवान रोड फ्लाईओवर के नीचे चला बुलडोजर

Buldozar
Buldozar
Published on

सिलीगुड़ी: किसी ने दुकान में सामान सजाया था, तो किसी की रोजी-रोटी इसी छोटी सी दुकान से चल रही थी। लेकिन रविवार को बर्दवान रोड फ्लाईओवर के नीचे अचानक बुलडोजर पहुंचा और देखते ही देखते कई दुकानों को तोड़ दिया गया। सिलीगुड़ी नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद प्रभावित कारोबारियों में गुस्से के साथ-साथ मायूसी भी देखने को मिली। फ्लाईओवर के उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद उसके नीचे अवैध रूप से दुकानें लग गई थीं। फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए निगम ने अभियान चलाया और बुलडोजर से कई दुकानों को हटा दिया। कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों का कहना है कि उन्हें पहले से कोई नोटिस नहीं दिया गया था। उनका कहना है कि अगर निगम की ओर से पहले सूचना दी जाती, तो वे खुद ही अपनी दुकानें हटा लेते। अचानक हुई कार्रवाई से दुकानों में रखा सामान और कारोबार, दोनों प्रभावित हुए हैं। दुकानदारों के सामने अब सबसे बड़ी चिंता रोजी-रोटी की है। उनका कहना है कि छोटी-सी दुकान से ही परिवार का खर्च चलता था और अचानक दुकान टूट जाने से उनके सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। वहीं, फ्लाईओवर के उद्घाटन के महज कुछ दिनों बाद ही उसके नीचे दुकानें कैसे लग गईं, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। गौरतलब है कि बर्दवान रोड फ्लाईओवर का हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उद्घाटन किया था। अब फ्लाईओवर के नीचे अवैध दुकानों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर निगम और कारोबारियों के बीच टकराव की स्थिति देखने को मिल रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in