दीपावली की रोशनी से रोशन हुआ शहर, हर्ष व उल्लास

दीपावली की रोशनी से रोशन हुआ शहर, हर्ष व उल्लास
Published on

सिलीगुड़ी ः रोशनी और हर्ष व उल्लास के पर्व दीपावली की रोशनी से पूरा सिलीगुड़ी शहर रोशन हो गया है। रविवार को छोटी दीपावली मनाई गई जबकि मुख्य दीपावली सोमवार को मनाई जाएगी। इसे लेकर जहां व्यक्तिगत रूप में लोगों ने अपने-अपने घरों व प्रतिष्ठानों को प्रकाश सज्जा से सुसज्जित किया है वहीं सिलीगुड़ी नगर निगम की ओर से भी शहर के प्रमुख मार्गों पर प्रकाश सज्जा की गई है। इसके साथ ही जगह-जगह काली पूजा मंडपों के द्वार की प्रकाश-सज्जा से दीपावली की प्रकाश सज्जा दोगुनी हो गई है।सिलीगुड़ी शहर पूरी तरह दीपावली के उत्साह की रोशनी में नहा गया है। चारों ओर रोशनी, सजावट और खरीदारी की रौनक देखी जा सकती है। घरों से लेकर बाजारों तक दीपावली की साज-सज्जा है। जगह-जगह आकर्षक रंगालियों ने इस सज्जा को और मनोरम बना दिया है। शहर के प्रमुख बाजारों में रविवार को भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। जम कर प्रकाश सज्जा सामग्री व आतिशबाजी के पटाखों, दीये आदि की खरीद-बिक्री हुई। वहीं, प्रशासन और पुलिस भी इस पर्व को शांतिपूर्ण व सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों में जुट गई है।

शहर के हिलकार्ट रोड, बिधान रोड, सेवक रोड, एसएफ रोड, हाशमी चौक, बाघाजतिन पार्क, हांगकांग मार्केट, सिटी सेंटर, आदि में दीपावली की खरीदारी रविवार को अपने चरम पर रही। मिट्टी के दीये, रंगीन मोमबत्तियां, इलेक्ट्रॉनिक लाइटिंग, झालरें, पूजा सामग्री और सजावटी वस्तुओं की लोगों ने खूब खरीदारी की। स्थानीय कुम्हार समुदाय के लोग दीये बनाने और बेचने में व्यस्त रहे। इस बार पर्यावरण-हितैषी और मिट्टी से बने पारंपरिक दीयों की मांग ज्यादा देखी गई। लाइटिंग की दुकानों में आधुनिक और एलईडी आधारित झालरों की खूब बिक्री हुई। हांगकांग मार्केट और सिटी सेंटर की दुकानों में चीन निर्मित और देसी लाइटिंग उत्पाद दोनों की भरमार रही। कई दुकानदारों ने बताया कि इस बार ग्राहकों की रुचि ‘मेड इन इंडिया’ सजावटी वस्तुओं और हैंडमेड दीयों में अधिक है।

पटाखों की नियंत्रित बिक्री

दीपावली, काली पूजा व छठ पूजा आदि त्योहारों के मद्देनजर हर साल की तरह इस साल भी शहर में पटाखों की बिक्री नियंत्रित रूप में हो रही है। कावाखाली मैदान में लगे पटाखा बाजार में ग्रीन क्रैकर्स के 50 स्टॉल लगाए गए हैं। जहां सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक लोगों ने जम कर अपनी-अपनी पसंद के पटाखों की खरीदारी की। उल्लेखनी है कि प्रशासन ने केवल ग्रीन क्रैकर्स की बिक्री की ही अनुमति दी है। सो, विभिन्न जगहों पर चोरी-छुपे प्रतिबंधित पटाखों के कारोबार के विरुद्ध पुलिस द्वारा अभियान भी चलाया जा रहा है।

पुलिस प्रशासन ने कसी सुरक्षा व्यवस्था

पर्व-त्योहारों के इस मौसम में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने शहर भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, पुलिस की तैनाती व गश्ती, आम पोशाक में पुलिस की निगरानी की सख्त व्यवस्था की गई है। वहीं, इन दिनों शहर में रोज उमड़ रही लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष यातायात योजना लागू की है ताकि जाम की स्थिति न बने। पुलिस द्वारा शहर में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। रात में नाका चेकिंग व पुलिस गश्त में भी इजाफा किया गया है। इसके साथ ही, अग्निशमन व आपात सेवा विभाग को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आकस्मिक आगजनी पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।

पूजन और लक्ष्मी-गणेश आराधना के शुभ मुहूर्त

पंडितों के अनुसार, इस वर्ष लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 06ः56 बजे से रात 08ः40 बजे तक का है। इसी मुहूर्त माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-आराधना सर्वश्रेष्ठ मानी जा रही है। घरों में सफाई, सजावट और दीप जलाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कई मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और भजन संध्या का आयोजन किया गया है। पश्चिम बंग विज्ञान मंच, हिमालयन नेचर एंड एडवेंचर फाउंडेशन आदि सामाजिक संगठनों व शिक्षण संस्थानों ने 'हरित दीपावली' मनाने का आह्वान किया है। लोगों से अपील की गई है कि वे पटाखों से दूरी बनाएं, पर्यावरण को सुरक्षित रखें और जरूरतमंदों के साथ खुशी साझा करें। गली-मोहल्लों, चौक-चौराहों और इमारतों पर रंग-बिरंगी लाइटों की झिलमिलाहट, जगह-जगह मनोरम रंगोली एवं आतिशबाजी ने शहर को दीपावली की रौनक से भर दिया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in