जिला अस्पताल बना कैंसर मरीजों के लिए वरदान

- अब सरकारी स्तर पर ही होगा किफायती अत्याधुनिक इलाज
siliguri district hospital
siliguri district hospital
Published on

अंजली पांडेय

सिलीगुड़ी : अब कैंसर के मरीजों को इलाज के लिए शहर या बाहर के बड़े अस्पतालों की तलाश करने की जरूरत नहीं है। सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में कैंसर उपचार सेवा उपलब्ध होने के कारण मरीज सीधे अस्पताल आकर अपना इलाज करवा सकते हैं। यह सेवा न केवल सुविधा संपन्न है, बल्कि मरीजों के लिए मुफ्त उपचार का भी भरोसा देती है।

अस्पताल के सुपर डॉ. चंदन घोष ने बताया कि सरकारी निर्देश के तहत पिछले डेढ़ वर्षों से यह कैंसर उपचार सेवा अस्पताल में चल रही है। इस दौरान लगभग 100 मरीजों का सफल इलाज किया जा चुका है। कैंसर ओपीडी प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक खुलती है, ताकि मरीज आसानी से अपनी जांच और परामर्श करवा सकें।

अस्पताल में ट्यूमर बोर्ड की सुविधा भी उपलब्ध है। इस बोर्ड में मेडिसिन, सर्जरी, गायनेकोलॉजी, ईएनटी, पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड, एनेस्थेसिया और कैंसर विशेषज्ञ शामिल हैं। बोर्ड मरीजों की स्थिति का विस्तार से मूल्यांकन करता है और फास्ट ट्रैक सेवा के माध्यम से मरीजों को शीघ्र और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करता है।

सिर्फ यही नहीं, अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध है। साथ ही, सभी कैंसर रोगियों के लिए मुफ़्त कीमोथेरेपी की व्यवस्था भी की गई है। इसका अर्थ है कि दूर-दराज़ से आने वाले मरीज भी इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं और उन्हें बाहर किसी निजी या महंगे अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

डॉ. चंदन घोष ने कहा कि यह पहल विशेष रूप से उन मरीजों के लिए वरदान साबित हो रही है, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं या ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं। अब उन्हें किसी बड़ी कठिनाई का सामना किए बिना कैंसर का इलाज मुफ्त में उपलब्ध है।

इस आधुनिक और समर्पित संरचना के कारण, सिलीगुड़ी जिला अस्पताल कैंसर उपचार का एक केंद्र बन चुका है, जहां मरीज न केवल इलाज करवा सकते हैं, बल्कि विशेषज्ञों की देखरेख में शीघ्र और सुरक्षित उपचार का भरोसा भी पा सकते हैं।

-

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in