

गंगटोक: आमा सशक्तिकरण योजना के तहत शनिवार को सिक्किम की सभी विधानसभा समष्टियों में लाभार्थी माताओं को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। योजना के तहत प्रत्येक समष्टि से एक हजार माताओं को सहायता दी जा रही है। महिला, बाल, वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने अपने विधानसभा क्षेत्र रिनाक में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों को चेक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य माताओं को आर्थिक सहायता के साथ आत्मनिर्भर बनाना है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले वर्ष से प्रत्येक समष्टि में दो हजार लाभार्थियों को ‘सेवा सम्मान राशि’ दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि 200 स्वयं सहायता समूहों को दो-दो लाख रुपये की दर से कुल चार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। अगले वर्ष 1,500 लाभार्थियों को आमा सहयोग योजना का लाभ देने की भी जानकारी दी गई। योजना के तहत पात्र माताओं को वार्षिक 40 हजार रुपये की सहायता दी जाती है।
मुख्यमंत्री ने सिक्किम पुलिस में 400 नए पद सृजित करने और 20 प्रतिशत पद अग्निवीरों के लिए आरक्षित रखने के प्रस्ताव की जानकारी दी। उन्होंने 28 हजार से अधिक कर्मचारियों को स्थायी किए जाने का भी दावा किया। साथ ही रिनाक में जल्द तीन दिवसीय ‘जनता भेटघाट’ आयोजित करने की बात कही।