

गंगटोक : सिक्किम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एसपीसीसी) के अध्यक्ष गोपाल छेत्री और कोषाध्यक्ष कर्मा टासी भूटिया ने आज दिल्ली में आयोजित रैली में हिस्सा लिया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्षराहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित इस मार्च में कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, युवाओं और आम नागरिकों ने भाग लिया।
रैली में शामिल प्रदर्शनकारियों ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस दौरान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रत्येक भारतीय नागरिक के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के अधिकार की रक्षा पर जोर दिया गया।
रैली के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्तज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचन आयोग को निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। एसपीसीसी अध्यक्ष गोपाल छेत्री और कोषाध्यक्ष कर्मा ताशी भूटिया की इस रैली में भागीदारी को चुनावी सुधारों, लोकतांत्रिक जवाबदेही और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के मुद्दे पर पार्टी की एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है।
सिक्किम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अनुसार, इस कार्यक्रम में देशभर से आए लोगों ने भाग लेकर चुनावी प्रक्रिया में सुधार की मांग को सामने रखा। रैली का उद्देश्य लोकतंत्र की मजबूती और मताधिकार की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जनसमर्थन व्यक्त करना था।