मुख्यमंत्री के इंतजार में रही धनमाया लामा की दुकान

धनमाया लामा की दुकान
धनमाया लामा की दुकान
Published on

नागराकाटा : पिछले लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी ने पादरी कोठी स्थित धनमाया लामा की छोटी सी दुकान पर पहुंचकर चाय बनाई थी और उपस्थित लोगों को खुद परोसी थी। उस दौरान उन्होंने मोमो भी बनाकर स्थानीय लोगों का दिल जीत लिया था।इसी याद को संजोए इस बार भी जब मुख्यमंत्री चुनाव प्रचार के सिलसिले में चालसा पहुंचीं, तो धनमाया लामा और उनका परिवार सुबह से ही उनकी प्रतीक्षा में जुट गयी थी। दुकान की साफ-सफाई की गई और खास तौर पर चाय भी तैयार रखी गई, इस उम्मीद में कि मुख्यमंत्री एक बार फिर वहां आएंगी।

हालांकि, इस बार मुख्यमंत्री दुकान पर नहीं पहुंचीं, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों में मायूसी देखी गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछली बार दौरे के दौरान इलाके में पेयजल संकट को लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद उनके निर्देश पर जल समस्या का समाधान किया गया था। लेकिन वर्तमान में पीएचई विभाग द्वारा सप्लाई किया जा रहा पानी गंदा और आयरनयुक्त है, जिससे उसमें बदबू आती है और वह पीने योग्य नहीं है। लोगों का कहना है कि यदि इस बार मुख्यमंत्री वहां आतीं, तो वे पानी को फिल्टर करने की स्थायी व्यवस्था की मांग रखते।

इधर, तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम अत्यंत व्यस्त था, जिसके चलते वे किसी भी स्थान पर नहीं रुक सकीं और होटल से सीधे हेलीकॉप्टर के माध्यम से मयनागुड़ी के लिए रवाना हो गईं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in