

मिरिक : दार्जिलिंग के लोकसभा सांसद राजू बिष्ट की विशेष पहल पर आयोजित देउसी-भैलो महोत्सव को लेकर भाजपा जिला कमेटी के सदस्यों ने कहा कि इस आयोजन ने गोर्खा संस्कृति, परंपरा और मौलिक पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। महोत्सव के तीसरे दिन आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद भाजपा जिला युवा अध्यक्ष नीरज बान्तवा राई ने कहा कि सांसद राजू बिष्ट की इस पहल से गोर्खा भाषा, संस्कृति और परंपराओं को व्यापक स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने इसे गोर्खा समुदाय की सांस्कृतिक पहचान को सामने लाने वाला ऐतिहासिक प्रयास बताया। वहीं, भाजपा जिला संगठनात्मक सचिव गोपाल बुढ़ाथोकी ने कहा कि देउसी-भैलो महोत्सव केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गोर्खा संस्कार, संस्कृति और मौलिक परंपराओं को पुरानी पीढ़ी से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बना है। भाजपा रेलिंग-कैजले मंडल अध्यक्ष सुभन लिम्बू ने भी इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए गोर्खा संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के प्रयास के लिए सांसद राजू बिष्ट के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से नई पीढ़ी में अपनी भाषा, वेशभूषा, संस्कार और परंपराओं के प्रति रुचि तथा अपनापन बढ़ेगा।